जींद , अप्रैल 05 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद में आयोजित 'धन्यवाद एवं विकास रैली' में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष का एकमात्र एजेंडा केवल वोट लेना और जनता का शोषण करना है, जबकि उनकी सरकार जनता का विश्वास जीतने के लिए काम करती है।

रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर दशकों तक जींद की उपेक्षा करने का आरोप लगाया और 253 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि वंशवादी राजनीति के कारण आम लोगों की जरूरतों को नजरअंदाज किया गया, लेकिन वर्तमान सरकार क्षेत्र को उसका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के तीसरे कार्यकाल को जनता की बड़ी जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि संकल्प पत्र के 217 वादों में से 60 पूरे किए जा चुके हैं और बाकी पर तेजी से काम जारी है।

विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में जींद में 2,217 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं, जबकि पूर्व सरकार के दौरान यह आंकड़ा काफी कम रहा। रोजगार के क्षेत्र में भी सरकार ने योग्यता के आधार पर लाखों युवाओं को नौकरियां दी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित