हैदराबाद , जनवरी 25 -- तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने रविवार को हैदराबाद के कोंडापुर में एल.वी. प्रसाद नेत्र संस्थान (एलवीपीईआई) के लाहोटी नेत्र केंद्र का उद्घाटन किया। इससे हैदराबाद के पश्चिमी हिस्से में नेत्र देखभाल सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
इस नये केंद्र में मोतियाबिंद, कॉर्निया, ग्लूकोमा, रेटिना, बच्चों की नेत्र देखभाल, कॉन्टैक्ट लेंस सेवाएं, और ओकुलोप्लास्टी व कॉस्मेटिक पलक देखभाल के लिए ओपीडी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
राज्यपाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि तेलंगाना को एलवीपीईआई पर गर्व है, जो अपने 'अभूतपूर्व अनुसंधान, उत्कृष्ट नेत्र देखभाल को सभी के लिए सुलभ बनाने की प्रतिबद्धता' के लिए जाना जाता है।
एलवीपीईआई के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. जी.एन. राव ने कहा कि जैसे-जैसे शहर फैल रहे हैं, उच्च गुणवत्ता वाली नेत्र देखभाल को समुदायों के करीब लाने के लिए इस 'सैटेलाइट सेंटर मॉडल' को डिजाइन किया गया है। उन्होंने उपचार का खर्च न उठा पाने वाले लोगों को मुफ्त सेवा प्रदान करने की एलवीपीईआई की प्रतिबद्धता को दोहराया और कहा कि इलाज का खर्च कभी भी श्रेष्ठ उपचार के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित