दंतेवाड़ा , फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जनपद पंचायत कटेकल्याण के ग्राम पंचायत गुड़से में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों ने मां दंतेश्वरी के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं आरती कर किया गया।

जिला पीआरओ से बुधवार को मिली जानकारी के मुताबिक,शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी मांगों व शिकायतों के निराकरण के लिए विभिन्न विभागों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर के दौरान कुल 190 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पांच आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म संपन्न कराई गई। इस दौरान शिशुवती माताओं के साथ आए बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने वीबीजीआरएमजी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों ने पंपलेट वितरित कर ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

शिविर में 40 नए आधार कार्ड बनाए गए तथा 13 नए बैंक खाते खोले गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 33 ग्रामीणों ने अपना स्वास्थ्य जांच कराया। ग्रामीणों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित