सहरसा , सितंबर 03 -- िदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण, नियोजन, बिहार, पटना के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, सहरसा के तत्वावधान में 05 सितंबर 2026 को जिला स्कूल, सहरसा के परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन एवं रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। मेला पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक संचालित होगा।रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के 30 से अधिक नियोजकों के भाग लेने की संभावना है। विभिन्न नियोजकों के माध्यम से 3,000 से अधिक रिक्तियों पर शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। नियोजकों द्वारा अलग-अलग स्टॉल के माध्यम से संबंधित पदों, आवश्यक योग्यता, कार्यक्षेत्र एवं चयन प्रक्रिया की जानकारी अभ्यर्थियों को दी जाएगी तथा योग्य अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में सम्मिलित किया जाएगा।
बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर निबंधित एवं पंजीकृत योग्य अभ्यर्थी रोजगार मेले में भाग लेकर अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार से संबंधित उचित मार्गदर्शन प्रदान करना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
सहायक निदेशक (नियोजन) कोशी प्रमंडल, ने बताया कि मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा बिहार सरकार की रोजगार, कौशल विकास एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण एवं अन्य सरकारी अवसरों के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उन्होंने जिले के सभी शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित