भरतपुर , जुलाई 14 -- राजस्थान में भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में आगरा-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें अनियमितताएं पाये जाने वाली लग्जरी और स्लीपर बसों को जब्त कर लिया गया।

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर की गयी कार्रवाई के बारे में प्राधिकरण सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि प्राधिकरण के सचिव नवीन कुमार किलानिया के नेतृत्व में सेवर टोल प्लाजा पर लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ इस विशेष जांच अभियान में परिवहन, पुलिस और जिला प्रशासन के दल शामिल हुए। संयुक्त दल ने जब इन बसों में मोटर वाहन अधिनियम और सुरक्षा मानकों की जांच की, तो कई गंभीर खामियां सामने आयीं।

जांच के दौरान एक बस में तो बेहद जरूरी इमरजेंसी निकासी द्वार तक गायब मिला, जबकि अन्य बसों में भी भारी अनियमितताएं पायी गयीं। इसके बाद कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के चालान काटे गये और गंभीर कमियां मिलने पर कुछ बसों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

जब्त की गयीं बसों के यात्रियों को वैकल्पिक बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा और भविष्य में भी ऐसी औचक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित