रायबरेली , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने रायबरेली में रविवार को कहा कि जिला सहकारी बैंक, रायबरेली ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, किसानों को सुलभ ऋण उपलब्ध कराने और सहकारिता के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
श्री राठौर यहां जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, रायबरेली की 97वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक को संबोधित कर रहे थे। राणा बेनी माधव बख्श सिंह स्मारक समिति के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी उपस्थित रहे।
बैंक अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बैंक की उपलब्धियों और भावी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहकारिता विभाग में पारदर्शिता और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले की 185 सहकारी समितियों के कंप्यूटरीकरण का कार्य प्रगति पर है। सदस्यता महाअभियान के तहत रायबरेली और अमेठी में 1,13,558 नए सदस्य बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से 245.99 करोड़ रुपये जमा हुए हैं।
उन्होंने बताया कि बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में किसानों को 225 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया है। मार्च 2027 तक ऋण वितरण बढ़ाकर 300 करोड़ रुपये से अधिक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बैंक की लाभप्रदता भी वर्ष 2022-23 के 55.45 लाख रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 351.71 लाख रुपये हो गई है। आगामी वर्षों में एक हजार करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति का लक्ष्य रखा गया है।
बैंक की ओर से कृषि कार्यों के लिए ऋण वितरण और उर्वरक वितरण में 25 प्रतिशत वृद्धि की कार्ययोजना भी तैयार की गई है। बैठक में सहकारी समितियों के आधुनिकीकरण, किसानों को सुलभ ऋण उपलब्ध कराने और सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री ने रायबरेली में मॉडल सायंकालीन शाखा का बटन दबाकर उद्घाटन किया। विभिन्न लाभार्थियों को ऋण एवं सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। घुरवारा की रहड़ी-पटरी सहकारी ऋण समिति के लाभार्थियों को भी चेक प्रदान किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली शाखाओं और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में गोशालाओं के गोबर से गो-शक्ति ऑर्गेनिक उत्पाद तैयार करने तथा सहकारी समितियों के माध्यम से इन उत्पादों को किसानों तक पहुंचाने की पहल की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमार, पूर्व एमएलसी राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, रामलाल अकेला सहित जनप्रतिनिधि, बैंक के संचालक मंडल के सदस्य, सहकारी समितियों के अध्यक्ष, विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक द्विवेदी ने किया। अंत में बैंक अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित