जालंधर , अगस्त 19 -- पर्यावरण संरक्षण और हरित पहल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए), जालंधर की ओर से बुधवार को जिले के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत स्टेट स्पोर्ट्स स्कूल जालंधर, मेरिटोरियस स्कूल जालंधर तथा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जीएसएसएस) गाखल, धालीवाल में पौधे लगाये गये।
यह अभियान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की चेयरपर्सन सुश्री प्रिया सूद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। जालंधर सेशन डिवीजन के सभी न्यायिक अधिकारियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए संबंधित स्कूल परिसरों में पौधे लगाये।
इस अवसर पर सुश्री प्रिया सूद ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा और संरक्षण प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि न्यायिक नेतृत्व की जिम्मेदारी अदालत की चारदीवारी तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी उसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में उदाहरण प्रस्तुत करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों को भविष्य का वास्तविक संरक्षक बताया और कहा कि विद्यार्थियों को केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें पौधों को गोद लेकर उनके उचित पालन-पोषण और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में आज से पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना ही टिकाऊ और स्वस्थ भविष्य की नींव रखेगा।
इस दौरान सुश्री प्रिया सूद ने स्टेट स्पोर्ट्स स्कूल जालंधर के उन विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने जरूरतमंद लोगों से कानूनी सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के तहत निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की अपील की। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।
सीजेएम-सह-सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, जालंधर राहुल कुमार आजाद ने किया। डीएलएसए अधिकारियों ने विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ से लगाये गये पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग के लिए उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव जोशी तथा स्टेट स्पोर्ट्स स्कूल के प्रिंसिपल अजय कुमार भरी, मेरिटोरियस स्कूल के प्रिंसिपल राजीव हांडा और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल गाखल, धालीवाल के प्रिंसिपल ललित मोहन सहित तीनों स्कूलों के स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित