दंतेवाड़ा , जनवरी 27 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति 'दिशा' तथा सड़क सुरक्षा समिति की संयुक्त बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद महेश कश्यप ने की। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई और उनके पारदर्शी व लक्ष्यबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
जिला पीआरओ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अप्रैल से दिसंबर 2025 के दौरान जिले में संस्थागत प्रसव दर 98.6 प्रतिशत रही। टीकाकरण दर 103.69 प्रतिशत दर्ज की गई। मलेरिया मुक्त अभियान के तहत 48,178 व्यक्तियों का सर्वेक्षण किया गया तथा 2,41,938 लोगों के रक्त नमूनों की जांच की गई। कश्यप ने ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंडवार जन औषधि केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान तथा बाल संरक्षण योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। आंगनबाड़ी केंद्रों की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा हुई। कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना, रबी 2025-26 के लिए बीज आपूर्ति एवं भंडारण की जानकारी दी।
कश्यप ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्यघर योजना जैसी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया। साथ ही, जिले की पर्यटन क्षमता को रोजगार से जोड़ने तथा वर्ष 2026 तक नक्सल मुक्त बस्तर के संकल्प को पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला कलेक्टर देवेश ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर कलेक्टर देवेश ध्रुव ने कहा कि सभी विभाग सांसद द्वारा दिए गए मार्गदर्शन का अनुपालन करेंगे और अगली बैठक तक सभी मापदंडों पर उल्लेखनीय प्रगति दर्शाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित