सहरसा , सितंबर 12 -- बिहार में मधेपुरा के सांसद दिनेश चन्द्र यादव की अध्यक्षता में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान पूर्व में आयोजित दिशा की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की भी विभागवार समीक्षा की गई। विभिन्न योजनाओं में हुई प्रगति की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत की गई। साथ ही, लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिये संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में सांसद एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को रखा गया। इस पर अध्यक्ष द्वारा संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित करते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने विशेष रूप से आधारभूत संरचना, सड़क तथा जनसेवा से संबंधित कार्यों पर आवश्यक ध्यान देने को कहा, जिससे योजनाओं का अपेक्षित लाभ आमजन तक समय पर पहुंच सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित