बागेश्वर , जून 11 -- उत्तराखंड के बागेश्वर के आपदाग्रस्त पौंसारी गांव की जिला प्रशासन को एक साल बाद याद आयी है और जिला प्रशासन ने पुनर्निर्माण और सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
बागेश्वर की नव नियुक्त जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे गुरुवार को पौंसारी पहुंची और आपदाग्रस्त कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने इस दौरान पीड़ित ग्रामीणों से बात की और उनकी समस्याएं सुनीं। कुछ मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाना और क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था विकसित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने निर्बाध पेयजल आपूर्ति, पौंसारी गदेरे में तत्काल सुरक्षा कार्य (प्रोटेक्शन वर्क), ड्रेजिंग और बोल्डर हटाने का काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों के पुनर्निर्माण और अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों के प्रस्ताव भी शीघ्र तैयार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सभी प्रस्ताव दीर्घकालिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयार किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कपकोट अनिल चन्याल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय पांडे, सिंचाई विभाग के अधिकारी जगत सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य बलवंत राम आर्या, ग्राम प्रधान कमला कोहली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित