चंडीगढ़ , मार्च 21 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शनिवार को अमृतसर वेयरहाउस के जिला प्रबंधक द्वारा आत्महत्या किये जाने पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के पास अब सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक आधार नहीं बचा है।

श्री जाखड़ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर परसंघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि पहले फिरौती न दे पाने के कारण पंजाब के लोगों की जानें जा रही थीं और लोग गैंगस्टर राज का सामना कर रहे थे, लेकिन अब मंत्रियों की कथित मांग पूरी न कर पाने के कारण सरकारी अधिकारियों तक को अपनी जान देनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि यह घटना दिन-दहाड़े एक अधिकारी की हत्या के समान है और मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी हैरानी जतायी, जिसमें उन्होंने जांच मुख्य सचिव को सौंपने की बात कही, और सवाल उठाया कि हत्या के मामलों की जांच मुख्य सचिव कब से करने लगे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना सरकार के 'कट्टर ईमानदारी' के दावे की असलियत उजागरकरती है। उन्होंने कहा कि यह मंत्रिमंडल नहीं बल्कि 'गैंग ऑफ मिनिस्टर्स' है। उन्होंने कहा कि पहले मंत्री विजय सिंगला, फिर सरारी और अब लालजीत सिंह भुल्लर, ये सभी इस सरकार का असली चेहरा दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान अब अपने पद पर बोझ बन चुके हैं। जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, पार्टी चुप नहीं बैठेगी। साथ ही उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें और इस मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से समयबद्ध तरीके से करवाई जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित