जयपुर , जुलाई 14 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी (आरसीएचओ) जयपुर प्रथम डॉ. आशा मीणा को विभागीय कार्यों में लापरवाही एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में कमियों के कारण तत्काल प्रभाव से पदस्थापन की प्रतीक्षा (एपीओ) में रखा गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस संबंध में विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिया गया हैं। डॉ. मीणा के कार्यकाल में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में अपेक्षित प्रगति नहीं पायी गयी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के प्रथम तिमाही पंजीकरण, लक्षित टीकाकरण, उच्च जोखिमता वाली गर्भवती महिलाओं की ट्रेकिंग , पूर्ण टीकाकरण तथा मिजल्स रुबेला- 2 की लाइन लिस्ट में क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी जिले का प्रदर्शन राज्य स्तर पर संतोषजनक नहीं पाया गया।
विभाग ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए डॉ. आशा मीणा को जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम के पद से तत्काल प्रभाव से हटाते हुए निर्देशित किया है कि वे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, श्रीगंगानगर के कार्यालय में अपनी उपस्थिति दें।
विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में लापरवाही अथवा कार्य निष्पादन में गंभीर कमी पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित