भीलवाड़ा , जून 11 -- राजस्थान में पंचायती राज विभाग के जिला परिषद भीलवाड़ा में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में राज्यव्यापी आह्वान पर गुरुवार को दोपहर बाद सामूहिक 'पेन डाउन' हड़ताल शुरू कर दी।

कर्मचारियों के इस कदम से जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह ठप हो गया, जिससे विभिन्न कार्यों के लिए आये ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जिलाध्यक्ष शोभा लाल तेली ने आंदोलन की जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज विभाग के मंत्रालयिक कर्मचारियों का अपनी जायज मांगों को लेकर गत एक जून से राज्यव्यापी आंदोलन निरंतर चल रहा है। इसी आंदोलन के तीसरे चरण के तहत दोपहर बाद जिले की सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों एवं जिला परिषद स्तर के कार्यालयों में पूर्ण रूप से पेन डाउन रखा गया।

उन्होंने बताया कि कार्मिकों ने एकजुटता दिखाते हुए कामकाज बंद कर दिया और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित