गोपालगंज, सितंबर 07 -- बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने सोमवार को गंडक नदी के दाएं तट पर अवस्थित तटबंध का स्थल निरीक्षण किया।जिला पदाधिकारी ने अहिरौलीदान (उत्तर प्रदेश) से बेतिया-गोपालगंज मंगलपुर पुल के दाएं साइड बांध तक निर्मित तटबंध का जायजा लेते हुए इसकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने तटबंध के किमी 5:0 पर ग्राम विशम्भरपुर के समीप पहुंचकर स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तटबंध की स्थिति, सुरक्षा एवं रखरखाव से संबंधित बिंदुओं पर अधिकारियों से जायजा लिया।
जिला पदाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से तटबंध की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने अथवा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की संभावना को देखते हुए तटबंधों की निगरानी और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखना बेहद महत्वपूर्ण है।
तटबंध निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी ने तटबंध के नजदीक उच्च माध्यमिक विद्यालय, विशम्भरपुर का भी निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचते ही उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को देखा और सरकार द्वारा विद्यार्थियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को जाना।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के कंप्यूटर लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और कंप्यूटर के बारे में उनकी जानकारी को परखा। उन्होंने विद्यार्थियों से कंप्यूटर के उपयोग, पढ़ाई में तकनीक की भूमिका तथा लैब में उन्हें दी जा रही जानकारी के संबंध में सवाल भी किए। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक जिला पदाधिकारी के सवालों का जवाब दिया।जिला पदाधिकारी ने बच्चों को तकनीकी शिक्षा के महत्व के बारे में समझाते हुए उपलब्ध संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने अलग अलग कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और विद्यालय में मिलने वाली शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने बच्चों से सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक स्थिति को समझने का प्रयास किया तथा उन्हें नियमित अध्ययन के लिए भी प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यालय में पढ़ाई की स्थिति और विद्यार्थियों की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित