शिवहर , सितंबर 16 -- बिहार में शिवहर की जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरियानी का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन, साफ-सफाई और मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं में कई गंभीर कमियां पाई गईं, जिन पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई है।

दवा के स्टोर रूम के निरीक्षण के क्रम में यह पाया गया कि दवाओं का समुचित एवं व्यवस्थित भंडारण नहीं किया गया है।

दवाओं के रखरखाव में बरती गई इस लापरवाही एवं शिथिलता को गंभीरता से लेते हुए, स्टोर इंचार्ज श्री अजय कुमार से कार्य पृच्छा स्पष्टीकरण का आदेश दिया गया है।

एक्सपायरी दवाओं के रिकॉर्ड में गड़बड़ी: निरीक्षण में यह भी पाया गया कि स्टोरकीपर एवं स्टोर इंचार्ज द्वारा एक्सपायरी दवाओं और आलोच्य माह में एक्सपायर होने वाली दवाओं को क्रमागत रूप से सूचीबद्ध नहीं किया जाता है, जिसे जिलाधिकारी ने खेदजनक बताया।

अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मियों का ड्यूटी रोस्टर किसी सुगोचर आसानी से दिखने वाले स्थल पर प्रदर्शित नहीं पाया गया। जच्चा-बच्चा किट यत्र-तत्र रूप से एक अंधेरे और प्रकाश रहित कमरे में रखे हुए पाए गए। यह स्थिति इस बात को दर्शाती है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा पात्र एवं प्रसव लाभुकों प्रसूताओं को मिलने वाली सुविधाओं से उन्हें वंचित रखा जा रहा है।

अनावश्यक सामग्री यत्र-तत्र रखी हुई पाई गई, जिसको लेकर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। इसके साथ ही, अस्पताल के शौचालयों में गंदगी और पूरे पीएचसी परिसर में साफ-सफाई का भारी अभाव पाया गया।

जिला पदाधिकारी ने अस्पताल की लचर व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए हैं, जिससे आम जनमानस और विशेषकर प्रसूताओं को स्वास्थ्य सुविधाओं का सुचारू रूप से लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित