गोपालगंज, अगस्त 17 -- बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने सोमवार को गोपालगंज मंडल कारा (चनावे) का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल कारा परिसर में बंदी दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

बंदी दरबार के दौरान बंदियों ने जिला पदाधिकारी के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को रखा।

जिला पदाधिकारी श्री सौरभ ने बंदियों की बातों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि कारा में निरुद्ध बंदियों को निर्धारित नियमों के अनुरूप सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही, बंदियों के साथ मानवीय एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर अधीक्षक, मंडल कारा (चनावे), गोपालगंज सहित कारा प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे।

जिला पदाधिकारी ने कारा प्रशासन को बंदियों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित