गोपालगंज, जुलाई 18 -- बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने शनिवार को कुचायकोट प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान प्रखंड कार्यालय के विभिन्न शाखा कार्यालयों का भ्रमण कर संचालित योजनाओं, कार्यालय व्यवस्था तथा आम जनता को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने निर्माणाधीन नए प्रखंड कार्यालय भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने भवन निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।

इसके बाद जिला पदाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर अभिलेखों के संधारण, कार्यालय की स्वच्छता, कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्य निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देश दिये कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे तथा आम नागरिकों के कार्यों का त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित