हाजीपुर , मई 23 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंहके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आज लगातार दूसरे शनिवार को पूरे जिले में "नो व्हीकल डे" अभियान उत्साहपूर्वक मनाया गया। समाहरणालय परिसर सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में आज पेट्रोल एवं डीजल चालित वाहनों की उपस्थिति अत्यंत कम रही तथा अधिकांश पदाधिकारी एवं कर्मी ई-रिक्शा, साइकिल, सार्वजनिक परिवहन अथवा पैदल कार्यालय पहुंचे। जिला पदाधिकारी स्वयं भी आज इलेक्ट्रिक वाहन से समाहरणालय पहुंचीं तथा स्वच्छ ऊर्जा एवं ईंधन बचत के संदेश को व्यवहारिक रूप से आगे बढ़ाया।आज के अभियान के दौरान सभी कार्यालय परिसरों में पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत को लेकर सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला। पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा कार-पूलिंग, सार्वजनिक परिवहन एवं वैकल्पिक ऊर्जा आधारित वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में विशेष जागरूकता प्रदर्शित की गई। साथ ही अनावश्यक ईंधन खपत को रोकने को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई।

इसी क्रम में जिला पदाधिकारी ने कहा कि ईंधन संरक्षण केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रायः देखा जाता है कि कई स्थानों पर वाहन खड़े रहने के बावजूद अनावश्यक रूप से इंजन एवं ए०सी० चालू रखे जाते हैं, जिससे ईंधन की अनावश्यक खपत होती है। इस प्रवृत्ति में सुधार लाना आवश्यक है तथा सभी पदाधिकारी, कर्मी एवं चालक इस दिशा में सजग भूमिका निभाएं।उन्होंने कहा कि ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक यात्राओं से बचने तथा स्वच्छ एवं वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाने पर विशेष बल दिया गया है। इसी कड़ी में वैशाली जिला प्रशासन प्रत्येक शनिवार को "नो व्हीकल डे" के रूप में मनाते हुए जन-जागरूकता का वातावरण तैयार कर रहा है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति सप्ताह में कम-से-कम एक दिन ईंधनयुक्त वाहनों के उपयोग से बचे, तो इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे साइकिल, ई-व्हीकल, सार्वजनिक परिवहन एवं पैदल चलने की आदत को प्रोत्साहित करें तथा "नो व्हीकल डे" अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया कि पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के प्रति यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा प्रत्येक शनिवार को व्यापक जनसहभागिता के साथ "नो व्हीकल डे " मनाया जाता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित