बारां , जून 30 -- राजस्थान में बारां के जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सत्यनारायण टेलर ने मंगलवार को जिला कारागृह बारां का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने बंदियों से संवाद करके उनकी समस्याएं सुनीं और जेल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने बैरकों, रसोईघर और चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। रसोईघर में भोजन व्यवस्था संतोषजनक पायी गयी।

उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिये कि आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाये और बीमार बंदियों को नियमानुसार तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाये। संवेदनशील रहते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये।

जिला कारागृह के निरीक्षण के बाद न्यायाधीश टेलर ने किशोर संप्रेषण गृह बारां का भी औचक निरीक्षण किया। वहां भोजन व्यवस्था की जांच के दौरान एक कट्टे में खराब एवं असुरक्षित खाद्य सामग्री मिलने पर उसे तत्काल नष्ट कराया गया। उन्होंने संप्रेषण गृह के प्रभारी को बच्चों को केवल सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव हीना परिहार एवं प्रशासनिक अधिकारी अमित हाड़ा भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित