अलवर , अगस्त 29 -- राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर खैरथल- तिजारा जिले के जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने शनिवार को नगर परिषद भिवाड़ी एवं नगर पालिका टपूकड़ा का सघन दौरा करके 20 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
श्री अतुल प्रकाश ने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय, नगर परिषद आयुक्त सुरेश मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहे।
श्री अतुल प्रकाश ने टपूकड़ा एवं भिवाड़ी क्षेत्र में स्थापित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टपूकड़ा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय राम सिंह की ढाणी टपूकड़ा के आठ मतदान केंद्र और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सैदपुर, शहीद हुकुम सिंह राजकीय माध्यमिक विद्यालय मिल्कपुर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भिवाड़ी मोड़, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-नौ भिवाड़ी के 12 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित बीएलओ से मतदाताओं की संख्या, मतदान केन्द्रों की स्थिति एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित