बारां , अप्रैल 09 -- विधायक राधेश्याम बैरवा ने राजकीय शहीद राजमल मीणा जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं, गंदगी, खराब व्यवस्थाओं और लापरवाही पर अधिकारियों को गुरुवार को जमकर फटकार लगायी।

श्री बैरवा ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, टॉयलेट्स और मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल के टॉयलेट में गंदगी, कई जगह पुरानी और गंदी बेडशीट्स तथा वार्डों में लगे कूलरों केबंद पड़े होने जैसी समस्याएं सामने आयीं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में दूर-दराज के गांवों से मरीज इलाज के लिए आते हैं, ऐसे में यहां साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहतर होना बेहद जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन को तुरंत व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर इलाज मिलना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित