भभुआ , मई 08 -- बिहार में कैमूर के जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कृषि, पशुपालन, गव्य एवं मत्स्य विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान कृषि विभाग अंतर्गत संचालित गरमा बीज वितरण, फार्मर रजिस्ट्री, उर्वरक की उपलब्धता एवं छापेमारी अभियान, पक्का चेक डैम निर्माण तथा तालाब निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाते हुए अधिकाधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।इसके अतिरिक्त पशुपालन, गव्य विकास एवं मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। मत्स्य विभाग की ओर से संचालित पठारी क्षेत्र तालाब निर्माण योजना, नाव एवं जाल पैकेज वितरण, बोरिंग-सह-सोलर समर्सिबल पंपसेट योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित