हरिद्वार , मार्च 29 -- उत्तराखंड में जिला कारागार हरिद्वार में भारतीय योग संस्थान के योग केन्द्र की स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को वार्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम वरिष्ठ अधीक्षक श्रेणी-1 श्री मनोज कुमार आर्य के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस दौरान उन्होंने योग को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए इसे जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया।

बताया गया कि गत एक वर्ष से भारतीय योग संस्थान के माध्यम से केन्द्र प्रमुख दीन दयाल (वरिष्ठ सहायक) द्वारा लगभग 60 बंदियों को प्रतिदिन नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है। नियमित योगाभ्यास से बंदियों के जीवन में शारीरिक व मानसिक स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है, जिससे उनके व्यवहार में भी सुधार आया है।

इस अवसर पर प्रधान योग शिक्षक सुरेश भट्ट, योग शिक्षक जय ध्यानी, प्रवीण कपिल, उप कारापाल कु० श्वेता जोशी सहित योग साधिकाएं पूजा जोशी, शिल्पी, अवनी सैनी, राधा रावत, सुनीता बहुगुणा, नीरज सैनी, सुषमा व कल्पना सहित अन्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने का संदेश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित