चंडीगढ़ , मई 15 -- हरियाणा सरकार ने जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समितियों की अध्यक्षता के लिए मुख्यमंत्री और मंत्रियों का जिलावार आवंटन जारी कर दिया है। इस संबंध में मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम और सिरसा जिले की कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता करेंगे। वहीं ऊर्जा मंत्री अनिल विज को यमुनानगर, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार को पंचकूला और कुरुक्षेत्र तथा उद्योग मंत्री राओ नारबीर सिंह को रेवाड़ी और हांसी जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शिक्षा मंत्री महिपाल धंदा पलवल और सोनीपत, राजस्व मंत्री विपुल गोयल नूंह और महेंद्रगढ़ तथा सहकारिता मंत्री डॉ . अरविन्द कुमार शर्मा हिसार और चरखी दादरी जिले की समिति के अध्यक्ष होंगे।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को करनाल और कैथल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवार को पानीपत और झज्जर, सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को अंबाला और फतेहाबाद जिले की जिम्मेदारी दी गई है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी रोहतक, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव फरीदाबाद, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नगर भिवानी तथा खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम जींद जिले की कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता करेंगे।

सरकार के अनुसार जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समितियां जिलों में आमजन की शिकायतों की सुनवाई करेंगी और संबंधित मामलों का मौके पर समाधान सुनिश्चित करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित