बारां , मई 21 -- राजस्थान में बारां में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से गुरुवार को यहां जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं जन अभाव अभियोग निराकरण सतर्कता समिति की बैठक आयोजित हुई।
जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने एक-एक परिवादी से सीधा संवाद करके उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी उपखंड अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
श्री असावा ने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक मामले का निस्तारण पूर्ण गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ किया जाए। जांच से जुड़े मामलों में भी अनावश्यक विलंब न हो और निर्धारित समय-सीमा में तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में कुल 40 परिवेदनाएं प्राप्त हुईं। इनमें चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने, भूमि की पैमाइश एवं सीमाज्ञान, आवासीय क्षेत्रों में गंदे पानी की निकासी, बंद रास्तों को खुलवाने, भूमि विवाद, भूमि अवाप्ति के मुआवजे का भुगतान, कार्मिक को नियमानुसार वेतन से कम भुगतान, न्यायालय आदेशों की पालना और पैतृक आराजी पर कब्जा दिलवाने जैसे मामले शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित