मुरैना , मार्च 21 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला अस्पताल से अज्ञात चोर मध्यरात्रि में सोलर बैटरियां चुराकर ले गए।

पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरों की पहचान करने फुटेज खंगालने में जुटी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में संचालित महिला मेडिकल वार्ड की सोलर बैटरियां खराब होने के कारण अस्पताल प्रबंधन ने सोलर की 14 नई बैटरियां मंगवाई थीं। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात चोर जाली काटकर दस बैटरियां चुराकर ले गए, जबकि मरीजों के अटेंडरों की आवाज सुनकर चार बैटरियां मौके पर छोड़कर भाग निकले।अस्पताल प्रबंधन के अनुसार चोरी गईं बैटरियों की कीमत करीब एक लाख बीस हजार रुपए बताई गई है।

चोरी की सूचना मिलते ही आज सुबह कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरों की पहचान करने उनके फुटेज खंगालने में जुटी है। बताया गया है कि जिला अस्पताल की पुरानी और नई बिल्डिंग में सुरक्षा व्यवस्था के लिए निजी कंपनियों से बड़ी संख्या में सुरक्षा गार्ड ड्यूटी के लिए तैनात हैं, फिर भी अस्पताल परिसर से चोरी की सनसनीखेज वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न खड़े होने लगे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित