भिण्ड , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिला अस्पताल परिसर में हवाई फायर करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बाइक स्टैंड पर वाहन खड़ा करने के बदले पैसे मांगे जाने से नाराज होकर शराब के नशे में फायर किया था। वह लोगों पर अपना दबदबा बनाने के लिए ऐसा करना चाहता था।
घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। जिला अस्पताल परिसर में एक युवक ने कथित तौर पर अवैध हथियार से हवाई फायर किया और बाइक से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस कृष्णा कॉलोनी निवासी जिलेवार सिंह राजावत (22) तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने फायर करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि अस्पताल परिसर में बाइक खड़ी करने के लिए स्टैंड पर पैसे देने पड़ते थे, जिससे वह नाराज था। आरोपी के मुताबिक, फायर करने के बाद स्टैंड पर काम करने वाले लड़के उससे पैसे नहीं लेते थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार भी जब्त किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर ने बताया कि जिला अस्पताल में हवाई फायर करने के आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित