बैतूल , अक्टूबर 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिला अस्पताल परिसर में इंस्टाग्राम रील बनाने के मामले में अस्पताल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रबंधन ने संबंधित निजी आयुर्वेदिक कॉलेज के प्राचार्य को पत्र लिखने और रील बनाने वाले आयुष इंटर्न्स पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है।

जानकारी के अनुसार, निजी आयुर्वेदिक कॉलेज के इंटर्न्स ने इंटर्नशिप पूरी होने के अवसर पर अस्पताल परिसर में रील बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड की थी। रील में बॉलीवुड का गाना लगाया गया था और अस्पताल की लिफ्ट, बाल चिकित्सा (पीडियाट्रिक) तथा महिला वार्ड की झलकियां दिखाई गई थीं। वीडियो के साथ अंग्रेजी में लिखे कैप्शन में कॉलेज के दोस्तों के साथ बिताए पलों को यादगार बनाने का उल्लेख किया गया था। सोशल मीडिया पर रील को 8,800 से अधिक लाइक्स, 1,400 से ज्यादा शेयर और 2,000 से अधिक रीपोस्ट मिले।

अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर डॉ. रानू वर्मा ने बताया कि निजी आयुर्वेदिक कॉलेज के इंटर्न्स इंटर्नशिप पूरी होने के बाद अस्पताल परिसर में रील बनाकर गए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल एक संवेदनशील स्थान है, जहां मरीजों का उपचार होता है। ऐसे में अस्पताल की गरिमा और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है। भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कॉलेज प्राचार्य को औपचारिक पत्र भेजा जा रहा है और संबंधित इंटर्न्स पर जुर्माना लगाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित