बैतूल , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिला अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं और यूजर चार्जेस से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इनमें गरीबी रेखा से ऊपर (एपीएल) श्रेणी के मरीजों के लिए आईसीयू सेवा पर प्रतिदिन 500 रुपये शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव प्रमुख है। इसे अंतिम मंजूरी के लिए कलेक्टर के पास भेजा जाएगा।

बैठक में गन लाइसेंस के लिए आवश्यक मेडिकल जांच के एवज में 1500 रुपये शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। अस्पताल की व्यवस्थाओं और आय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यूजर चार्जेस पर विचार किया गया। आईसीयू शुल्क संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर एपीएल श्रेणी के मरीजों को भर्ती के दौरान निर्धारित राशि चुकानी होगी। अब तक इन मरीजों के लिए आईसीयू उपचार निशुल्क होने की जानकारी दी गई है।

बैठक में गंभीर मरीजों के उपचार और उनके रिकॉर्ड के रखरखाव में लापरवाही पर भी नाराजगी जताई गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों के रिकॉर्ड व्यवस्थित नहीं मिलने पर संबंधित डॉक्टरों और नर्सों के वेतन से कटौती की जाएगी। अस्पताल की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए विशेष दान अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार के तहत शवगृह में फ्रीजर, मरीजों के परिजनों के लिए शेड और नई एक्स-रे मशीन स्थापित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा अस्पताल परिसर में सुलभ शौचालय बनाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश गोरे और आईएमओ डॉ. रेणु वर्मा सहित समिति के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित