अलवर, 29 मार्च (वार्ता) राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में राजकीय राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल परिसर के पार्क में बैठे एक युवक पर अचानक एक व्यक्ति ने ब्लेड से हमला कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आशुतोष शर्मा तबीयत खराब होने के चलते अपने भाई के साथ अस्पताल आया था। भाई पर्ची की लाइन में लगा हुआ था। वह अस्पताल के पार्क में बैठकर आराम कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा जो मौजूद सभी लोगों को गालियां देने लगा, आशुतोष ने गालियां देने की वजह पूछी तो बिना किसी कहासुनी के अचानक उस युवक ने उसके गले पर ब्लेड से वार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया।

हमले के बाद आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गया । उसे तुरंत चिकित्सक के पास ले जाया गया जहां उसके गले में कई टांके लगाने पड़े। घटना के बाद घायल युवक ने तुरंत अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित