भिण्ड , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिला अस्पताल की पुरानी इमारत में स्थित डायलिसिस केंद्र में आज छत की फॉल्स सीलिंग अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय केंद्र में मरीजों का डायलिसिस चल रहा था। मलबा एक मरीज के पलंग के पास और दूसरे मरीज के सिर के नजदीक गिरा। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई, लेकिन घटना से मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डायलिसिस केंद्र में मरीज अपने पलंगों पर लेटे हुए थे, तभी अचानक छत की फॉल्स सीलिंग नीचे आ गिरी। मलबा पलंगों के पास गिरने से वहां मौजूद लोग घबरा गए। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण के बाद मलबा हटवाया।

डायलिसिस करा रही एक महिला मरीज ने बताया कि छत का हिस्सा अचानक गिरने से केंद्र में मौजूद मरीज और उनके परिजन घबरा गए। हालांकि किसी को चोट नहीं आई। वहीं एक अन्य मरीज ने बताया कि वह पलंग पर लेटा था, तभी छत का मलबा उसके सिर के पास आकर गिरा। गनीमत रही कि वह इसकी चपेट में नहीं आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित