बारां , जून 29 -- राजस्थान में सांसद दुष्यंत सिंह के प्रस्तावित दौरे के दौरान जिला अस्पताल के नवीन भवन एवं बारां आरओबी (एलसी-38) के लोकार्पण कार्यक्रम अंतिम समय में निरस्त होने पर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा है।

कांग्रेस नेताओं ने इसे भाजपा की आंतरिक गुटबाजी और श्रेय की राजनीति का परिणाम बताते हुए जनता के साथ अन्याय करार दिया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा, पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, करण सिंह राठौड़, निर्मला सहरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा, प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) सचिव धर्मराज मेहरा आदि ने संयुक्त बयान में कहा कि भाजपा नेताओं के बीच श्रेय लेने की होड़ के कारण जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

जिला अस्पताल का नवीन भवन बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और आरओबी शहर की यातायात समस्या के समाधान के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। ऐसे में लोकार्पण कार्यक्रम का अंतिम समय में निरस्त होना भाजपा सरकार की समन्वयहीनता और आंतरिक कलह को दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता विकास कार्यों को समय पर जनता को समर्पित करने के बजाय राजनीतिक श्रेय लेने तक सीमित हो गयी है।

कांग्रेस ने मांग की कि कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत एवं पूर्ण हो चुकी जिला अस्पताल, आरओबी सहित सभी विकास परियोजनाओं को बिना राजनीतिक दिखावे के तत्काल जनता को समर्पित किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित