रांची , फरवरी 11 -- झारखंड के सभी जिला अस्पतालों एवं चिकित्सा महाविद्यालयों को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत डिजिटलीकरण करने पर जोर दिया जा रहा है।

इसे लेकर आज मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की समीक्षा स्वास्थ्य निदेशालय, नामकुम में अपर सचिव सह राज्य मिशन निदेशक, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, विद्यानन्द शर्मा पंकज के द्वारा की गई। समीक्षा में राज्य के सभी जिला एवं चिकित्सा महाविद्यालय के पदाधिकारीगण शामिल थे।

राज्य के सभी जिला अस्पतालों में ओपीडी, आईपीडी, डिस्चार्ज एवं फार्मेसी लैब को सीडैक के ई- सुश्रुत मॉड्यूल के तहत डिजिटलीकरण किया जा रहा है। साथ ही राज्य के सभी निजी अस्पतालों एवं क्लिनिकों को भी एबीडीएम इनेबल्ड सॉफ्टवेयर संबंधी निर्देश दिए गए।

इस संदर्भ में अपर सचिव के द्वारा बताया गया कि राज्य के सभी अस्पताल जो प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ ले रहे हैं, उन्हें एबीडीएम इनेबल्ड एचएमआईएस सॉफ्टवेयर का उपयोग करना है। उन्होंने 28 फरवरी तक सभी निजी अस्पतालों को एबीडीएम इनेबल्ड सॉफ्टवेयर से संचालित करने की बात कही।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत राज्य के सभी फार्मेसी का भी एचएफआर बनाया जा रहा है। इस संदर्भ में राज्य की निदेशक औषधि, ऋतु सहाय भी बैठक में उपस्थित होकर राज्य के सभी जिलों के असिस्टेंट डायरेक्टर एवं ड्रग इंस्पेक्टर को संबोधित करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि एक महीने के अंदर सभी फार्मेसी दुकानों का एचएफआर तैयार किया जाए। इसके लिए जिला के सभी संबंधित पदाधिकारी सहयोग करेंगे एवं इस हेतु कैंप लगाया जाए, ताकि जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा किया जा सके।

अपर सचिव ने स्पष्ट किया कि रामगढ़ एवं गुमला जिला को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के लिए मॉडल जिला बनाने की पहल की जा रही है। इसके अलावा राज्य के अन्य सभी जिलों में एक प्राइवेट एवं एक सरकारी अस्पताल को एबीडीएम के लिए मॉडल फैसिलिटी चिन्हित किया गया है। उनको एक महीने के अंदर मॉडल फैसिलिटी बनाने का निर्देश दिया गया। यह भी निर्देश दिया गया कि जिन जिलों में कंप्यूटर एवं मैन पावर की कमी है, उसे तत्काल दूर करते हुए एबीडीएम के कार्य को सुगम रूप से शुरू किया जाए। इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश पहले भी जारी किए जा चुके हैं। अतः उन निर्देशों का अनुपालन समय से सुनिश्चित किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित