देवरिया , अक्टूबर 05 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने सोमवार को विभागों की समीक्षा बैठक में गैरहाजिर अधिशाषी अभियंता (एक्सईएन) नलकूप सलेमपुर का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया है।

श्री हुलगी ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जल संसाधन से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति जानी और परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता, नलकूप सलेमपुर का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बैठकों में अनुपस्थिति कतई क्षम्य नहीं होगी। सभी अधिकारी पूर्ण प्रगति विवरण के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।

बैठक में जल निगम (ग्रामीण एवं शहरी), बाढ़ खंड, सिंचाई तथा नलकूप विभाग की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जल निगम को पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों के रिस्टोरेशन कार्य में तेजी लाने को कहा, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। पेयजल परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने पर जोर दिया।अधिशासी अभियंता बाढ़ ने बताया कि सभी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। सरयू में आंशिक वृद्धि हुई है। जिलाधिकारी ने सभी तटबंधों पर सतर्क निगरानी और जलस्तर व वर्षा के आंकड़ों के नियमित प्रदर्शन के निर्देश दिए।

सिंचाई विभाग की समीक्षा में नहरों में पानी की उपलब्धता और टेल तक पहुंच सुनिश्चित करने, नहरों की ब्लॉकवार स्थिति का विवरण रखने और सिल्ट सफाई कराने को कहा। नलकूप विभाग की समीक्षा में सभी राजकीय नलकूपों को क्रियाशील रखने, खराब नलकूपों को प्राथमिकता पर दुरुस्त कराने तथा नए नलकूपों की स्थापना व मरम्मत कार्य समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित