देहरादून , जून 21 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में नगरासु लंगर गुरुद्वारा में निहंग सिक्खों द्वारा कब्जा किए जाने संबंधित खबरों के बीच रविवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने इसे आपसी विवाद करार दिया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि नगरासू स्थित गुरुद्वारे में अरदास लंगर एवं यात्रियों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर ध्यान न दें। गुरुद्वारे में किसी भी प्रकार का कब्जा या हिंसा या बंधक होने की सभी बातें असत्य हैं। गुरुद्वारे में सभी व्यवस्थाएं प्रबंधन समिति द्वारा सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा कि गुरुद्वारे में आपसी विवाद के कारण इस तरह की बातें हुयी।
जिलाधिकारी ने कहा है कि हेमकुंड साहिब की यात्रा भी सुचारु रुप से चल रही है और किसी तरह का कोई व्यवधान नही है।
जिले की पुलिस अधीक्षक ने भी कहा है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
पुलिस ने एक निहंग का वीडियों भी जारी किया है जो यह कह रहे है कि अब किसी तरह का कोई विवाद नही है। सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित है और अपने घरों को लौट रहे है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को भी धन्यवाद दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित