सहारनपुर , नवंबर 01 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं विधायक नकुड़ प्रतिनिधि विकेश चौधरी ने रविवार को सरसावा स्थित शुगर मिल के पेराई सत्र वर्ष 2026-27 का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने मिल प्रबंधन एवं उपस्थित अधिकारियों को नए पेराई सत्र के सफल, सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए शुभकामनाएं दी।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि गन्ना पेराई सत्र किसानों की आर्थिक गतिविधियों से सीधे जुड़ा हुआ है। मिल प्रबंधन यह सुनिश्चित करे कि किसानों को गन्ना आपूर्ति के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। गन्ना तौल की प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष रखी जाए तथा किसानों के गन्ने का भुगतान शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मिल अधिकारियों को निर्देशित किया कि मिल का संचालन पूरी क्षमता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। गन्ना खरीद केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें तथा किसानों को अपनी उपज मिल तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि चीनी मिलों का सुचारू संचालन किसानों, श्रमिकों एवं क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं मिल प्रबंधन आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। इस अवसर पर उपस्थित किसानों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित