लखीमपुर खीरी , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में लखीमपुर के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंहरविवार को जनपद खीरी की तहसील निघासन के ग्राम ग्रंट नंबर-12 के मजरा रण्डौहा में बाढ़ प्रभावितों से मिलने पहुंचे।

श्री अंजनी कुमार सिंह ट्रैक्टर से गांव तक पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों तक पहुंचने के लिए पानी में उतरकर ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियां सुनीं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

उन्होंने ग्रामीणों से उनके कुशलक्षेम के साथ आवागमन, घरों और बाढ़ से उत्पन्न अन्य समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों से भी बातचीत की और उनकी स्थिति जानी। जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित