टिहरी , जनवरी 26 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर, नई टिहरी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों को भारतीय संविधान के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई।

ध्वजारोहण के पश्चात जिलाधिकारी ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे सशक्त और समावेशी संविधान है, जो देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में यह स्पष्ट होता है कि हमारा संविधान हमें सुरक्षित और सशक्त बनाता है।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का आह्वान करते हुए संविधान की संप्रभुता और मूल्यों को बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा राष्ट्रगान की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति का संचार किया।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूली बच्चे, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित