पीलीभीत , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में जिलाधिकारी को फोन पर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान बलजिंदर सिंह (45) निवासी ग्राम मुझा कला, थाना पूरनपुर के रूप में हुई है, जो स्वयं को किसान यूनियन (अन्नदाता गुट) का प्रदेश सचिव बताता है। जिलाधिकारी के आशुलिपिक नरेश वर्मा की तहरीर पर पूरनपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर के अनुसार छह अप्रैल की शाम जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में बर्ड फ्लू रोकथाम टास्क फोर्स की बैठक में व्यस्त थे, इसी दौरान उनके सीयूजी नंबर पर आरोपी ने फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें घेरकर मारने-पीटने की धमकी दी।

उन्होने कहा कि आरोपी ने बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर प्रशासन के खिलाफ माहौल खराब करने का प्रयास भी किया।

पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही धमकी में प्रयुक्त मोबाइल और सिम की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी अधिकारी को धमकाना या जनता को भड़काने का प्रयास करना गंभीर अपराध है, ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित