सुलतानपुर , जून 06 -- उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर के जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा जिलाधिकारी की फोटो लगाकर लोगों से संपर्क किया जा रहा है और उनसे पैसे अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी मांगने का प्रयास किया जा रहा है।

इस संबंध में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने अपने परिचितों एवं जनसामान्य को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि उनके नाम से कोई व्यक्ति व्हाट्सएप या अन्य माध्यम से धनराशि, उपहार, बैंक संबंधी जानकारी अथवा कोई व्यक्तिगत वस्तु मांगता है तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध नंबर या फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट को तत्काल ब्लॉक करें तथा उसकी रिपोर्ट संबंधित प्लेटफॉर्म और पुलिस को करें।

उन्होंने कहा कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए सभी को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। जिले के जिला सूचना अधिकारी डॉक्टर धीरेंद्र यादव ने भी मीडिया को जानकारी शेयर कर लोगों से सतर्क रहने का आह्वान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित