पौड़ी , मई, 15 -- त्तराखंड में पौड़ी के जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों के बाद कोटद्वार स्थित शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी कोटद्वार ने स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था तथा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व जिलाधिकारी द्वारा स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया था।
शुक्रवार को हुए निरीक्षण में उपजिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद निर्माण कार्यों की गति में सुधार आया है और कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं। अधिशासी अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग ने बताया कि स्टेडियम में चल रहे सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य मई माह के अंत तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। उपजिलाधिकारी ने कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्टेडियम परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। परिसर स्वच्छ एवं व्यवस्थित मिला तथा शौचालयों की स्थिति पर भी संतोष व्यक्त किया गया। अधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों एवं खेल गतिविधियों से जुड़े युवाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित