ग्रेटर नोएडा , जून 16 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर में आबकारी नीति 2026-27 के प्रावधानों के तहत मंगलवार को ग्रेटर नोएडा कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मॉडल शॉपों के आवंटन के लिए ई-लॉटरी प्रक्रिया का आयोजन किया गया।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने मंगलवार को आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ई-लॉटरी के माध्यम से मॉडल शॉप की कुल दो दुकानों का आवंटन किया गया। इन दुकानों के लिए कुल छह आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से लगभग छह लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई।

उन्होंने बताया कि ई-लॉटरी के जरिए आवंटित की गई दोनों दुकानों के व्यवस्थापन से वित्तीय वर्ष 2026-27 में लगभग 2.4 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है, जिससे जनपद के आबकारी राजस्व में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।

ई-लॉटरी प्रक्रिया के दौरान शासन द्वारा नामित सहायक आबकारी आयुक्त, मोहन मीकिंग के प्रतिनिधि, पुलिस विभाग द्वारा नामित अधिकारी तथा जनपद के समस्त आबकारी निरीक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आबकारी नीति के सभी प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा राजस्व वृद्धि के साथ-साथ अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित