सहारनपुर , अप्रैल 21 -- सहारनपुर के नवागत जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां श्री शाकंभरी देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।
मंदिर पहुंचने पर जिलाधिकारी का मंदिर समिति के पदाधिकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। श्री चौहान ने मां शाकंभरी देवी के दरबार में माथा टेककर प्रसाद अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान बाबा भूरादेव मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर परिसर का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई, सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि सहारनपुर के जिलाधिकारी मनीष बंसल का हाल ही में आगरा तबादला हो गया था। उनके स्थान पर शामली के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान को सहारनपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
कार्यभार संभालने के बाद धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर श्री चौहान ने अपने कार्यकाल की शुरुआत की। उनके मंदिर दर्शन के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, मंदिर समिति के सदस्य तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित