मुंबई/म्यूनिख , अप्रैल 22 -- जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) और एलियांज ग्रुप ने बुधवार को प्राथमिक बीमा क्षेत्र में बराबर हिस्सेदारी वाले संयुक्त उपक्रम की स्थापना की घोषणा की।
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि एलियांज ग्रुप ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एलियांज यूरोप के माध्यम से संयुक्त उपक्रम बनाने के लिए आज एक बाध्यकारी समझौता किया है जो सामान्य और स्वास्थ्य बीमा के क्षेत्र में काम करेगा। इसमें दोनों कंपनियों की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। यह समझौता जुलाई 2025 में घोषित साझेदारी को औपचारिक रूप प्रदान करता है।
भारत के ग्राहक जेएफएसएल की व्यापक डिजिटल पहुंच और भारतीय बाजार की गहरी समझ के साथ-साथ एलियांज के उच्च गुणवत्ता वाले बीमा उत्पादों और सेवाओं का लाभ उठाएंगे।
इस संयुक्त उद्यम को अभी नियामकीय मंजूरियां मिलनी शेष हैं। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और एलियांज देश में जीवन बीमा व्यवसाय के लिए एक अलग बाध्यकारी समझौते की दिशा में भी प्रयासरत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित