मुंबई , सितंबर 09 -- जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की इकाई जियो पेमेंट सॉल्यूशंस लिमिटेड (जेपीएसएल) ने बुधवार को सीमा पार भुगतान सेवा शुरू करने की घोषणा की।

कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इससे विदेशों में सामान बेचने वाले कारोबारियों को लाभ होगा। वे दुनिया भर के ग्राहकों से वर्चुअल अकाउंट, इंटरनेशनल कार्ड और स्थानीय भुगतान नेटवर्क के जरिये पैसा ले सकेंगे।

जेपीएसएल को भारतीय रिजर्व बैंक से क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट एग्रीगेटर के रूप में काम करने की मंजूरी मिली है। इसके तहत वह भारत से बाहर पैसा भेजने और विदेश से भारत पैसा भेजने की सेवा दे सकती है। जियो पेमेंट सॉल्यूशंस ने बताया कि उसका मुख्य फोकस फिलहाल विदेश से भारत के लिए भुगतान आसान बनाने पर है।

इस सेवा का फायदा ऑनलाइन विक्रेताओं, डिजिटल कारोबार, फ्री-लांसर्स, क्रिएटर्स और सॉफ्टवेअर सेवा देने वाली कंपनियों को भी मिल सकता है। अभी विदेशी ग्राहकों से भुगतान लेने में अलग-अलग मुद्रा, कई पार्टनर्स, कागजी काम और भुगतान में मिलान जैसी दिक्कतें आती हैं। कंपनी का कहना है कि नया प्लेटफॉर्म इन प्रक्रियाओं को आसान करेगा और कारोबारियों को विदेशी ग्राहकों से उनकी स्थानीय भुगतान व्यवस्था के जरिये पैसा लेने की सुविधा देगा।

जेपीएसएल के मुताबिक, उसकी सीमा पार भुगतान सेवा देश के करीब 50 फीसदी निर्यात वाले बाजारों में उपलब्ध है। अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों में भारतीय कारोबारी स्थानीय मुद्रा में कीमत बता सकेंगे और भुगतान ले सकेंगे। आने वाले महीनों में लातिन अमेरिका, दक्षिण-पूर्व एशिया और पश्चिम एशिया में भी नई स्थानीय भुगतान प्रणालियों को जोड़ने की योजना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित