मुंबई , मार्च 17 -- जियो पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (जेपीबीएल) ने मंगलवार को यूपीआई आधारित नकद निकासी सेवा शुरू करने की घोषणा की।
कंपनी ने बताया कि ग्राहक अब बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट टचपॉइंट्स पर क्यूआर कोड स्कैन कर नकद निकाल सकेंगे। उन्हें अपना पैसा निकालने के लिए डेबिट कार्ड या पारंपरिक एटीएम कार्ड की अब जरूरत नहीं होगी।
बैंक के अनुसार, नयी सेवा विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के ग्राहकों को ध्यान में रखकर शुरू की गयी है, जहां एटीएम की पहुंच सीमित है। ग्राहक अपने यूपीआई ऐप के माध्यम से अपने लेनदेन को ऑथराइज कर आसानी से नकद प्राप्त कर सकेंगे।
जियो पेमेंट्स बैंक ने कहा कि बिना कार्ड नकद निकासी सुविधा से डिजिटल भुगतान और नकद उपयोग के बीच की दूरी कम होगी। इससे पहली बार डिजिटल भुगतान अपनाने वाले उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित और सहायक वातावरण में यूपीआई अनुभव मिल सकेगा।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि अपनी डिजिटल भुगतान अवसंरचना और अंतिम छोर पर स्थित बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट नेटवर्क की मदद से यह पहल देश में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, नकद पर निर्भर वर्गों तक यूपीआई का विस्तार करने और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित