मुंबई , जुलाई 02 -- डिजिटल भुगतान बैंक जियो पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (जेपीबीएल) ने गुरुवार को राजस्थान में नेशनल हाईवे 48 (एनएच-48) पर स्थित मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर बैरियर मुक्त टोल प्रणाली की घोषणा की है।

जियो पेमेंट्स बैंक ने बताया कि यह टोल प्रणाली फासटैग और नंबर प्लेट की स्वतः पहचान पर आधारित 'मल्टी-लेन फ्री फ्लो' परियोजना के तहत टोलिंग सिस्टम शुरू किया है। इस नयी व्यवस्था से वाहनों को टोल प्लाजा पर रुके बिना आसानी से गुजरने की सुविधा मिलेगी।

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड की सहायक कंपनी जेपीबीएल ने अक्टूबर 2025 में यह पहल शुरू की है। उसे इंडियन हाईवे मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड से इस काम का ठेका मिला है। अनुबंध के तहत बैंक को पायलट आधार पर देश की पहली मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल परियोजना के तहत गुरुग्राम और जयपुर के बीच स्थित शाहजहांपुर और मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर टोल प्रोसेसिंग का जिम्मा सौंपा गया है।

दिल्ली-जयपुर के व्यस्त मार्ग पर जियो पेमेंट्स बैंक शाहजहांपुर से मनोहरपुरा तक करीब 100 किलोमीटर और मनोहरपुरा से दौलतपुर तक 34 किलोमीटर लंबे जुड़े हुए कॉरिडोर पर टोल संचालन का प्रबंधन कर रहा है।

मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग प्रणाली के तहत कैमरे और सेंसर की मदद से नंबर प्लेट और रेडियो फ्रीक्वेंसी की पहचान की जाती है। इनकी मदद से वाहन की पहचान, उसकी कैटेगरी तय करने और टोल शुल्क वसूलने का काम वाहन की सामान्य रफ्तार में ही हो जाता है। इससे टोल प्लाजा पर रुकने या गति कम करने की जरूरत नहीं पड़ती।

इससे यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और माल ढुलाई अधिक तेज और आसान होगी। इन सुधारों से लॉजिस्टिक लागत घटने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित