मुंबई , जुलाई 08 -- जियोहॉटस्टार पर प्रीतम एंड पेड्रो ने नया इतिहास रचते हुए प्लेटफॉर्म का अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो बनने का रिकॉर्ड बनाया है। राजकुमार हिरानी की पहली ओटीटी सीरीज़ ने किसी भी स्क्रिप्टेड शो के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की है और हिंदी सहित छह भारतीय भाषाओं में ट्रेंड किया है।
जियोहॉटस्टार ने जारी बयान में कहा कि हास्य, भावनात्मक गहराई और सामाजिक सरोकारों से भरपूर इस सीरीज़ को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला है। साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन सुरक्षा जैसे समकालीन विषयों को मनोरंजक अंदाज़ में पेश करने के साथ ही अरशद वारसी और वीर की जोड़ी को भी दर्शकों ने खूब सराहा है। सोशल मीडिया पर भी इस सीरीज़ को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है।
जियोहॉटस्टार में हिंदी एवं अंग्रेज़ी एंटरटेनमेंट बिजनेस (स्ट्रीमिंग, टीवी एवं स्टूडियोज़) के प्रमुख आलोक जैन ने कहा कि दर्शक किसी एक जॉनर के नहीं, बल्कि अच्छी कहानियों के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि 'ठुकरा के मेरा प्यार', 'चिरैया' और अब 'प्रीतम एंड पेड्रो' को मिली सफलता उनके इसी विश्वास को मजबूत करती है।
राजकुमार हिरानी ने कहा कि दर्शकों का प्यार और सीरीज़ को मिली प्रतिक्रिया पूरी टीम के लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस सफलता ने साबित किया है कि दर्शक ऐसी कहानियों को पसंद करते हैं जो उन्हें हंसाएं, भावुक करें और लंबे समय तक उनके साथ बनी रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित