हल्द्वानी , अक्टूबर 01 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में गुरुवार को आयोजित संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कार्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) में आठ जिप्सियों जबकि जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन को अनुमति मिली है।

कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में हुई बैठक में संभाग की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और विभिन्न मार्गों पर परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को भी संचालन की अनुमति जारी करने पर सहमति बनी।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि कॉर्बेट और अन्य क्षेत्रों में जिप्सियों के संचालन के संबंध में वन विभाग से वर्तमान में चल रही जिप्सियों और पर्यटकों की संख्या के आधार पर आवश्यक जिप्सियों की मांग का विस्तृत विवरण लिया जाए। उन्होंने कहा कि इसका समुचित परीक्षण करने के बाद ही आगामी बैठक में जिप्सियों के संचालन से जुड़ा निर्णय लिया जाए।

प्राधिकरण ने सर्वसम्मति से जसपुर-टनकपुर के मध्य उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन की अनुमति भी प्रदान की।

बैठक में नए मार्गों पर वाहनों के परमिट जारी करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने विभिन्न नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट की मांग से जुड़ी जानकारी प्राधिकरण के सामने रखी। वन विभाग के साथ समन्वय कर ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाएं बेहतर करने पर भी चर्चा हुई।

मंडलायुक्त ने कहा कि संभाग में परमिट प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाया जाए, ताकि आमजन, परिवहन व्यवसायियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को परमिट संबंधी प्रस्तावों का आवश्यकतानुसार परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न मार्गों पर बस संचालन की मांग का गहन परीक्षण करने को कहा, ताकि जरूरत के अनुरूप परमिट जारी किए जा सकें।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि निर्धारित मार्ग से हटकर या रूट के विपरीत वाहन चलाने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित