हरारे , जुलाई 22 -- जिम्बाब्वे ने भारत के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए ऑलराउंडर बल्लेबाज वेस्ली मधेवीरे और तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामहुरी टीम में बुलाया है। इसके अलावा तफादज्वा त्सिगा को भी पहली बार टीम में जगह मिली है।
इन तीनों खिलाड़ियों को क्लाइव मडांडे, टिनोटेंडा मापोसा और ताशिंगा मुसेकिवा की जगह टीम में शामिल किया है।
न्यामहुरी अब चोट से उबर चुके हैं। इसी चोट के कारण वह बंगलादेश के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के बीच से ही बाहर हो गए थे। न्यामहुरी की जगह तीसरा वनडे खेलने वाले तनाका चिवांगा ने भी टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है।
सिकंदर रजा की टीम के सामने मौज़ूदा टी-20 विश्व चैंपियन भारत की कठिन चुनौती होगी। भारतीय टी-20 टीम भी कुछ ख़ास फ़ॉर्म में नहीं है। उन्हें इस महीने यूरोप दौरे पर आयरलैंड से 0-2 और इंग्लैंड से 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था।
वहीं विश्व कप में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सुपर आठ में जगह बनाई थी, जहां उन्हें भारत से 72 रन से हार मिली थी। इसके अलावा उन्हें दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने भी हराया था।
त्सिगा ज़िम्बाब्वे के लिए 10 टेस्ट खेल चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने सीमित ओवरों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है। वहीं मधेवीरे ने बंगलादेश के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज खेली थी। उन्होंने अपना पिछला टी-20 जुलाई 2025 में खेला था। अब तक वह 79 टी-20 खेल चुके हैं।
भारत के खिलाफ इस सीरीज के मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 23, 25 और 26 जुलाई को खेले जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित